देवप्रयाग। भरपूर पट्टी के कुर्न, चिलपड़, डोबरी, तोली, सौड, सिंमसाड़ा आदि गांवों में लगातार पेयजल संकट का सामना कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर सांकेतिक जाम कर करीब पांच घंटे धरना दिया। ग्रामीणों ने जलापूर्ति सुचारु नहीं होने तक मंत्री, विधायक, सांसद को गांवों में नहीं घुसने देने व उन्हें काले झंडे दिखाने की चेतावनी भी दी।
रविवार को निवर्तमान प्रधान कुर्न पुष्पा रावत के नेतृत्व में देवप्रयाग ब्लॉक के भरपूर पट्टी के गांवों के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन में हुए तथाकथित घोटाले,क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनंे, गांवों में पेयजल की आपूर्ति न होने को लेकर जल निगम व जल संस्थान देवप्रयाग के खिलाफ जीरो बैंड सौड़पानी में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पुष्पा रावत ने कहा पेयजल समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो क्षेत्रीय विधायक व मंत्री सुबोध उनियाल को भरपूर पट्टी के गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने जल संस्थान व जल निगम का घेराव कर भूख हड़ताल की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने कहा पेयजल संकट का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी के समस्त विधायक व पदाधिकारी धरना देंगे। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नरेशपाल सिंह व अधिशासी अभियंता जल निगम डॉ. दौलत राम बेलवाल ने मार्च 2025 तक पेयजल समस्या का पूरा समाधान किए जाने का आश्वासन दिया,तब ग्रामीणों ने जाम हटाया। साथ ही मार्च तक समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की घोषणा भी की। इस मौके पर शशि देवी, अरविंद सिंह, नरेंद्र रावत, सरदार सिंह पुंडीर, सीताराम राणाकोटी, सीता देवी, कुसमा देवी, आदि ग्रामीण मौजूद रहे।