श्रीनगर। कीर्तिनगर क्षेत्र से लापता किशोरी की बरामदगी व एक स्थानीय युवक के इस प्रकरण में शामिल होने की सूचना पर कीर्तिनगर क्षेत्र की महिलाओं व अन्य लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने इस प्रकरण की पूरी जांच करने व इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम उजागर करने की मांग की।
कोतवाली में पहुंचे भाजपा नेता लखपत भंडारी, कुलदीप रावत, प्रमेंद्र पंवार आदि ने कहा कि मामले के तार अन्य से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द पुलिस मामले में संलिप्त अन्य लोगों के नाम उजागर कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। कोतवाली निरीक्षक देवराज शर्मा ने बताया कि जिस रात किशोरी लापता हुई थी, उसके सीसीटीवी फुटेज निकाले गए तो फुटेज में किशोरी के साथ दो व्यक्ति नजर आए। व्यक्तियों के साथ वह एक जिम में भी गए, वहीं से किशोरी लापता हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और किशोरी को बरामद करने के साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार किया। संवाद