पौड़ी। जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव में आयोजित राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता को इस साल नया चैंपियन मिला है। प्रतियोगिता में वर्ष 2025 में पौड़ी यूनाइटेड ने खिताबी में इनकम टैक्स दिल्ली की टीम को 3-1 से पराजित किया। रविवार को कंडोलिया खेल मैदान में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। फाइनल मुकाबला इनकम टैक्स दिल्ली व पौड़ी यूनाइटेड के बीच हुआ। मुकाबले के पहले हाफ में पौड़ी यूनाइटेड के सौरभ रावत ने 7वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। जिसे पौड़ी के हिमांशु ने 27वें मिनट में अपना पहला और टीम का दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 पहुंचाया। 40वें मिनट में पौड़ी के नीरज भंडारी ने गोल कर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में इनकम टैक्स दिल्ली के अजय सिंह ने 89वें मिनट में गोल किया। इस तरह राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता को 2025 का नया चैंपियन पौड़ी यूनाइटेड के रूप में मिला। पौड़ी की टीम ने इनकम टैक्स को 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में पौड़ी यूनाइटेड के नीरज भंडारी गोल्डन बूट, विश्वजीत नेगी सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर व गौरव रावत ने मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मैन आफ द मैच पुरस्कार विमला बंगारी रावत अपने स्व. माता-पिता की स्मृति में प्रदान करती हैं। जिसमें ट्रॉफी के साथ 11 हजार की नगद पुरस्कार राशि दी जाती हैं। इस दौरान पूर्व फुटबॉलर गिरीश बिजल्वाण, श्रीकृष्णा बडोनी व दिनेश थपलियाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीएम पौड़ी अनिल गर्ब्याल, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, सेंटर कमांडेंट लैंसडौन ब्रिगेडियर विनोद नेगी, कर्नल प्रताप सिंह, पूर्व जिपं अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जसपाल नेगी आदि मौजूद रहे।