कोटद्वार। कोटद्वार नागरिक मंच की हुई मासिक बैठक में कोटद्वार और आसपास के क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर राज्य गठन के 25 साल बाद भी समस्याओं का समाधान न होने पर नागरिक मंच ने आक्रोश जताया और आंदोलन की चेतावनी दी। कहा कि लालढांग और कंडी मार्ग के लिए किसी भी सरकार की ओर से उचित पैरवी सुप्रीम कोर्ट में नहीं की गई।
मालिनी मार्केट के व्यापार मंडल सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी और महासचिव अतुल भट्ट ने किया। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में चिल्लरखाल-लालढांग मार्ग और कोटद्वार-कालागढ़ रामनगर (कंडी मार्ग) के लिए क्षेत्र की जनता आंदोलन की राह पर है। कंडी मार्ग पर वर्षों से चलने वाली जीएमओयू की बस सेवा भी बंद पड़ी है। इस मामले में राज्य सरकार को सुप्रीम कोर्ट में प्रबल पैरवी कर मार्ग यातायात के लिए खुलवाने चाहिए। कहा कि राज्य गठन के 25 साल बाद भी कंडी मार्ग, कण्वाश्रम के विकास की योजनाओं पर कोई काम न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि वन व वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ही लोगों के मौलिक अधिकारों की भी रक्षा होनी चाहिए। कडे़ वन कानूनों को राज्य की जनता की आवश्यकता के अनुसार सरलीकरण करना चाहिए।
बैठक में संरक्षक हरीश भदोला, महेंद्र सिंह रावत, अरविंद धूलिया, राजेंद्र पंत, जर्नादन प्रसाद ध्यानी, प्रवेश नवानी, विजय माहेश्वरी, इंद्रमोहन देवरानी, सत्यनारायण नौटियाल, गोविंद डंडरियाल आदि मौजूद रहे।