तहसील मुख्यालय कीर्तिनगर में बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर पर सुविधाओं का अभाव है। स्थिति यह है कि केंद्र में न तो बिजली है और न ही कंप्यूटर जबकि जिलाधिकारी टिहरी ने संबंधित विभागों को एक माह पहले केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के आदेश जारी किए गए थे।
जिला प्रशासन की ओर से 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए अस्पतालों के अलावा शिक्षण संस्थाओं को वैक्सीनेशन सेंटर बनाए जाने के आदेश जारी किए गए थे। 29 अप्रैल को जारी आदेश में डीएम टिहरी ने दो डाटा एंट्री ऑपरेटर और इंटरनेट के साथ ही दो कंप्यूटर की व्यवस्था करने को कहा था लेकिन जीआईसी कीर्तिनगर में वैक्सीनेशन सेंटर में इनमें से एक भी व्यवस्था नहीं है। कर्मचारी वैक्सीनेशन कराने पहुंच रहे लोगों का डाटा फीड मोबाइल में फीड कर रहे हैं। कई बार नेटवर्क की समस्या होने पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। बिजली न होने से फोन भी कुछ घंटे में जवाब दे रहा है। जानकारी के अनुसार यहां हर दिन 200 से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
कोट :
दो-तीन दिन में वैक्सीनेशन सेंटर पर कंप्यूटर व अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इससे पहले केंद्र को इंटरनेट सुविधा से जोड़ा जाएगा। वैक्सीनेशन में कोई समस्या न हो इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।-अजयवीर सिंह, एसडीएम कीर्तिनगर