जिला पंचायत में नवनियुक्त अपर मुख्य अधिकारी को चार दिन बाद भी प्रभार नहीं मिला है। नवनियुक्त एएमए बिना कार्य के ही चार दिनों से मुख्यालय में हैं। वहीं जिला पंचायत प्रशासन की ओर से एकतरफा कार्यमुक्त किए गए लेखाकार के आदेश को शासन ने निरस्त कर दिया है, लेकिन जिपं प्रशासन ने लेखाकार को भी तैनाती के तीन दिन बाद प्रभार नहीं सौंपा हैं।
जिला पंचायत में अपर मुख्य अधिकारी के पद पर तेज सिंह की नियुक्ति हुई हैं। तेज सिंह इससे पहले उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, टिहरी, ऊधमसिंहनगर में सेवाएं दे चुके हैं। तेज सिंह को निदेशालय से पौड़ी स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने जिला पंचायत पौड़ी में 2 अगस्त को तैनाती दे दी थी, लेकिन चार दिन बाद भी जिला पंचायत प्रशासन ने उन्हें पदभार नहीं सौंपा हैं, जिससे वे बिना कार्य के ही चार दिनों से मुख्यालय में हैं। उन्हें पदभार नहीं सौंपा जाना सवाल खड़े कर रहा है। दूसरी ओर जिला पंचायत प्रशासन ने मार्च 2021 को एक तरफा कार्रवाई करते हुए लेखाकार हरेंद्र सिंह नेगी को निदेशालय भेज दिया था। निदेशालय ने जिला पंचायत प्रशासन के आदेश को निरस्त करते हुए उन्हें पुन: पौड़ी में तैनाती दे दी है। लेखाकार नेगी ने 3 अगस्त को कार्यालय में तैनाती दे दी है, लेकिन उन्हें भी तीन दिन बाद प्रभार नहीं सौंपा गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि नवनियुक्त एएमए व लेखाकार को प्रभार देने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही उन्हें प्रभार दे दिया जाएगा।
दो साल प्रभारी एएमए ने संभाली थी जिम्मेदारी
जिला पंचायत में दिसंबर 2017 को एएमए (अपर मुख्य अधिकारी) बीडी पांडेय निदेशालय संबद्ध हुए थे। इसके बाद जिला पंचायत में दो साल तक प्रभारी एएमए संतोष खेतवाल ने जिम्मेदारी संभाली। जनवरी 2020 में एएमए कबूल चंद पौड़ी आए, लेकिन वे फरवरी 2021 में निदेशालय चले गए। अब एक बार फिर प्रभारी के रूप में संतोष खेतवाल ही कार्य कर रहे हैं।
दुर्गा सिंह चौहान को लौटा दिया था
एएमए कबूल चंद के फरवरी में निदेशालय जाने के बाद जिला पंचायत को मई 2021 में नए एएमए दुर्गा सिंह चौहान मिले थे, जिन्हें जिला पंचायत प्रशासन ने सेवाकाल कम होने की बात कहकर प्रभार देने से इंकार करते हुए निदेशालय लौटा दिया था।