जिले के बिलखेत-सतपुली मोटर मार्ग पर ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई है। राजस्व पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ लापरवाही के कारण हुई मौत की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी आरोपी फरार चल रहा है।
जनपद पौड़ी के विकास खंड कल्जीखाल स्थित मनियारस्यूं पट्टी के बेदुल गांव निवासी विमलेश सिंह (32) पुत्र विक्रम सिंह की वाहन दुर्घटना में मौत हो गई है। तहसील पौड़ी के नायब तहसीलदार सब्बल सिंह कठैत ने बताया कि विमलेश सिंह एनजीओ के माध्यम से कृषि विभाग सतपुली में सेवारत था। वह बाइक से बिलखेत-सतपुली मोटर मार्ग से ड्यूटी पर जा रहा था। बताया कि बिलखेत के समीप एक ट्रक ने विमलेश की बाइक पर टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले हंस फाउंडेशन अस्पताल चमोलीसैण में भर्ती किया गया। यहां डाक्टरों ने उपचार के बाद विमलेश को बेस अस्तपाल कोटद्वार रेफर कर दिया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नायब तहसीलदार कठैत ने बताया कि पश्चिमी मनियारस्यूं राजस्व चौकी में मृतक के बड़े भाई तिलक सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लापरवाही के कारण हुई मौत की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक की पहचान कर जल्द चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि घटना के बाद से ही आरोपी चालक फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि विमलेश का पांच साल का बेटा व पत्नी है।