पौड़ी। जिले के परसुंडाखाल व घुसगलीखाल में तीन दिवसीय मकरैण मेले का शानदार आगाज हो गया है। परसुंडाखाल में मैराथन, स्कूली बच्चों की संस्कृतिक प्रस्तुतियां व रस्साकशी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं घुसगलीखाल में माता दुर्गा की पूजा-अर्चना से मेले का उद्घाटन किया गया।
परसुंडाखाल के जनता इंटर कालेज मैदान में आयोजित मकरैण मेले का उद्घाटन विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं। इसके संरक्षण को लेकर युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने मेले के मंच निर्माण को लेकर विधायक निधि से पांच लाख की घोषणा की।
साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों में फर्नीचर व ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाए जाने की घोषणा भी की। इस दौरान स्कूल परिसर से मैराथन शुरू हुई, जो मासौं बैंड से वापस स्कूल परिसर में संपन्न हुई। मैराथन ओपन बालक वर्ग में मनीष प्रथम, अनीष रावत द्वितीय व आयुष तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में आंशी अव्वल रही। अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में पीयूष पंवार प्रथम, आरुषि द्वितीय व अनमोल तृतीय स्थान पर रहे। महिला रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में नलई, रछुली, निसणी, गाड का मरगांव, कंडारा व रैदुल की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। निसणी व रैदुल की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। 14 जनवरी को आयोजित फाइनल में दोनों टीमों के बीच मुकाबला होगा। मेले में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भाजपा ग्रामीण विवेक मंमगाई, विधायक प्रतिनिधि अमित तोपाल, पूर्व सैनिक विक्रम नेगी, मकरैण मेला समिति अध्यक्ष कुलदीप रावत, उपाध्यक्ष संजय कठैत व मिथिलेश रावत, सचिव प्रशांत रावत, कोषाध्यक्ष कुलदीप गुसाईं आदि मौजूद रहे।
वहीं घुसगलीखाल में आयोजित मेले का आगाज माता दुर्गा के मंदिर में पूजा-अर्चना से हुआ। मेले में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला गेंड व धनाऊ तल्ला के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए धनाऊ की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 54 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गेंड की टीम ने 9 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम किया। इस दौरान ढोल सागर की शुरुआत भी हुई। इस मौके पर खेल समिति के अध्यक्ष नीरज पटवाल, मेला समिति के सलाहकार अनसूया प्रसाद सुंदरियाल, अध्यक्ष नेत्र सिंह, सचिव तेजपाल सिंह, उपाध्यक्ष विलेश्वर, विपिन कुमार, पूर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।