एसडीएम पंकज भट्ट ने किया औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां और भारी लापरवाही मिलने पर मूल्यागांव स्थित मां गंगा बंजी जंपिंग स्थल को प्रशासन ने सील कर दिया है। बृहस्पतिवार देर सायं को एसडीएम पंकज भट्ट के नेतृत्व में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान यह सख्त कदम उठाया गया।
टीम ने जब बंजी जंपिंग स्थल का निरीक्षण किया तो वहां सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली। बंजी जंपिंग जैसी उच्च जोखिम वाली साहसिक गतिविधि के दौरान किसी भी आपातस्थिति या दुर्घटना से निपटने के लिए जरूरी जीवनरक्षक चिकित्सा उपकरणों और प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी। जनसुरक्षा को देखते हुए एसडीएम पंकज भट्ट के निर्देशों पर तुरंत इसे सील कर दिया गया। सील किए गए स्थल को जम्प मास्टर अनूप सिंह की सुपुर्दगी में दिया गया है। साथ ही सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सक्षम प्राधिकारी के अगले आदेशों तक न तो सील से छेड़छाड़ की जाए और न ही संपत्ति की सुरक्षा में कोई चूक हो।