पौड़ी। प्रेमनगर के खेल मैदान में रविवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस दौरान फाइनल मुकाबले में लव सिटी क्रिकेट की टीम ने सीएमओ ऑफिस की टीम को हराकर प्रतियोगिता की विजेता टीम बनी।
रविवार को क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी ने रिबन काटकर किया। इस दौराप पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने खिलाड़ियों का उत्सावर्धन करते हुए आयोजकों के प्रयासों की भी सराहना की।
रविवार को सीएमओ ऑफिस व लव सिटी प्रेमनगर के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। लव सिटी प्रेमनगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। फाइनल मुकाबले में लव सिटी प्रेमनगर की टीम के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी किया। 20 ओवरों के इस फाइनल मुकाबले में सीएमओ ऑफिस की टीम 13 ओवर में 65 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेमनगर की टीम ने 3 विकेट खोकर आठ ओवरों में ही मैच को अपने नाम कर दिया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा, सचिव देवेंद्र रावत, कोषाध्यक्ष दिलबर सिंह भंडारी, सभासद गौरव सागर, अरविंद सिंह रावत, युद्धवीर सिंह रावत, पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष हेमेंद्र नेगी, आस्कर रावत आदि शामिल थे।