थाना थलीसैण में पुलिस जवान को हथियार के उपयोग की जानकारी देते सीओ सदर पीएल टम्टा।
- फोटो : PAURI
सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा ने थाना थलीसैंण का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को थाने में आने वाले हर फरियादी की शिकायत सुनने के निर्देश दिए। कहा कि फरियादी जो भी आए, प्राथमिकता के आधार पर उसकी शिकायत सुनकर उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। सीओ ने निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों से ड्रेस, हथियार, कंप्यूटर के उपयोग को लेकर सवाल-जवाब भी किए।
शुक्रवार को सीओ सदर पीएल टम्टा थाना थलीसैंण पहुंचे। यहां उन्होंने अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, मेस, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर उपकरणों का निरीक्षण किया। सीओ ने थाने में रखे आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों को हर समय एक्टिव मोड पर रखने के निर्देश दिए। कहा कि कोविड के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। टम्टा ने थाने में साफ सफाई रखने, फायर सर्विस कर्मियों को जीवन रक्षा कार्यों किसी बिल्डिंग में आग लगना, वाहन दुर्घटनाएं होने, आपदा के आने पर मानव जीवन को बचाए रखने, समय से घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का निवारण करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में लंबित प्रकरणों के समयानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान थानाध्यक्ष सतेंद्र भंडारी और एसआई दीपारानी आदि मौजूद रहे।