पोखड़ा ब्लॉक के गुलदार प्रभावित गांव घंडियाल में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार। स्रोत: जागरूक पाठक
पोखड़ा ब्लॉक के घंडियाल गांव में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
सतपुली (कोटद्वार)। पोखड़ा ब्लॉक के गुलदार प्रभावित गांव घंडियाल में शनिवार सुबह तड़के एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। गुलदार की उम्र करीब ढाई साल के आसपास है। वन विभाग की टीम सुरक्षा की दृष्टि से गुलदार को अपने साथ पोखड़ा रेंज कार्यालय ले गई है। चिकित्सक के क्षेत्र में मौजूद न होने के कारण गुलदार का मेडिकल नहीं हो पाया है। गुलदार का मेडिकल रविवार को कराया जाएगा। साथ ही डीएनए टेस्ट के लिए उसके सैंपल भी लिए जाएंगे।
पोखड़ा के रेंजर नक्षत्र शाह ने बताया कि बगड़ीगाड क्षेत्र में गुलदार प्रभावित गांवों में वन विभाग की ओर से पांच पिंजरे लगाए गए थे। जिसमें से घंडियाल गांव में लगे पिंजरे में एक गुलदार शनिवार तड़के 5:30 बजे कैद हो गया। रविवार को चिकित्सक के उपलब्ध होने पर पिंजरे में कैद गुलदार का मेडिकल कराया जाएगा। साथ ही जांच के लिए उसके डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे। डीएनए टेस्ट के बाद ही इस बात की पुष्टि हो पाएगी कि पिंजरे में कैद गुलदार आदमखोर है या नहीं। गुलदार के पिंजरे में कैद होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।