पौड़ी में कोविड से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक लेती सिविल जज इंदु शर्मा।
- फोटो : PAURI
कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम व बचाव को लेकर गठित जिला निगरानी समिति की सदस्य व सिविल जज इंदु शर्मा ने जिले में संचालित कोरोना से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने महामारी के संक्रमण को लेकर कोटद्वार को सबसे संवेदनशील बताया है। कहा कि कोरोना संक्रमण में बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कोटद्वार नगर निगम व पुलिस अधिकारियों को विशेष जागरूकता अभियान चलाने होंगे। जज ने प्रत्येक सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मास्क व सैनिटाइजर के आवश्यक उपयोग के निर्देश भी दिए।
शुक्रवार को न्यायालय परिसर पौड़ी में सिविल जज/समिति की सदस्य इंदु शर्मा ने जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से कोविड-19 के रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने होम क्वारंटीन हुए लोगों से कोविड-19 की गाइड लाइन का विशेष तौर पर पालन किए जाने को कहा। गाइड लाइन की लापरवाही करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के साथ ही जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। सीएमओ डा. मनोज शर्मा ने बताया कि जिले में अभी तक कुल 3890 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, जिनमें 331 केस सक्रिय हैं। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आशीष जदली, ईओ पौड़ी प्रदीप बिष्ट, एसीएमओ डा. रमेश कुंवर आदि मौजूद रहे।