देलचौरी गांव में करंट से ऊर्जा निगम के संविदा कर्मी की मौत के मामले में जांच बैठा दी गई है। शासन से नियुक्त विद्युत निरीक्षक स्थलीय जांच के लिए बुधवार को मौके पर पहुंचेंगे। विभागीय स्तर पर भी इस प्रकरण की जांच की जा रही है। इधर, ग्रामीणों के साथ हुए समझौते के अनुसार मंगलवार को पीड़ित परिवार को निगम की ओर से 50 हजार रुपये का चेक और अवर अभियंता वीपी देवली की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दे दी गई है।
16 नवंबर को श्रीनगर से करीब 12 किलोमीटर दूर देलचौरी गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन बीरबल सिंह (40 वर्ष) निवासी जसकोट की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह मौके पर मौजूद जेई देवली के कंट्रोल रूम से शट डाउन लेने के बाद पोल पर चढ़ा था। इसके बावजूद लाइन में करंट दौड़ गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों का घेराव करते हुए तत्काल मदद और मृतक आश्रित को नौकरी देने की मांग की। देर शाम तक दोनों पक्षों में बनी सहमति के अनुसार मंगलवार को पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी गई। वहीं, इस चूक की जांच भी शुरू हो गई है। निगम के अधिशासी अभियंता एसके सहगल ने बताया कि शट डाउन का समय लॉग बुक में दर्ज है। लाइन बंद होने के बाद करंट कहां से आया, इसकी जांच थर्ड पार्टी के तौर पर शासन से नियुक्त विद्युत निरीक्षक करेंगे।