यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और नए विद्युत संयोजन देने में अनावश्यक देरी पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को प्राविधिक शिक्षा निदेशालय श्रीनगर के सभागार में श्रीनगर और टिहरी मंडल की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अभियंताओं और कार्मिकों को बकायेदार उपभोक्ताओं से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने, मीटर रीडिंग के आधार पर सभी उपभोक्ताओं को बिल जारी करने और खराब मीटर प्राथमिकता से बदलने को कहा। उन्होंने गलत बिलों को तत्काल संशोधित करने के निर्देश भी दिए।
एमडी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्धारित समय सीमा में समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिलों में गड़बड़ी रोकने और उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत व बिल की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कनेक्शनों पर प्राथमिकता से स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। नए विद्युत संयोजन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि औचक निरीक्षण में अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, मयूर देव सिंह और प्रशांत बहुगुणा सहित टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, कोटद्वार और नैनीडांडा क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता उपस्थित रहे।