कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कई कार्यक्रमों में की शिरकत
सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने देवलगढ़ में आयोजित अखंड महायज्ञ में सहभागिता की और 36.89 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं श्रीकोट में प्रस्तावित पशु चिकित्सालय भूमि का निरीक्षण किया और चौरास में गढ़वाल विवि के कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मंत्री धन सिंह रावत ने दौरे की शुरुआत देवलगढ़ स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। वहां उन्होंने 36.89 लाख की लागत से पूर्ण हुए दो कार्यों (राजराजेश्वरी मंदिर के समीप सड़क से गुफा तक पहुंच मार्ग व सौंदर्यीकरण और गौरा देवी मंदिर समूह परिसर में प्रतिधारक दीवार निर्माण) का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर मंडल के बूथ संख्या-121 पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। चौरास अतिथि गृह में विवि कर्मचारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।