गढ़वाल विवि के आर्यभट्ट शोध छात्रावास में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्रावास के एक शोध छात्र ने विवि के एक प्रोफेसर पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को इसी छात्रावास के एक छात्र को मारपीट के मामले में हास्टल खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
शुक्रवार को आर्यभट्ट शोध छात्रावास के छात्र कृष्ण कुमार को एक छात्रा की शिकायत पर मुख्य छात्रावास अधीक्षक ने अपने कार्यालय में बुलाया था।
कृष्ण कुमार पर एक शोध छात्रा ने परेशान करने का आरोप लगाया था। इस मामले में आरोपी छात्र कृष्ण कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। छात्र ने आरोप लगाया कि त्रिशूल छात्रावास के अधीक्षक प्रो. मृगेंद्र सिंह ने उन्हें थप्पड़ जड़ा। दूसरी ओर, मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. ओके बेलवाल ने बताया कि छात्र को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
इस दौरान ने प्रो. मृगेंद्र कुमार छात्र को समझाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ नहीं मारा। छात्रों ने मुख्य छात्रावास अधीक्षक से प्रो.मृगेंद्र सिंह को छात्रावास अधीक्षक पद से हटाने की मांग की है।