कैंसर व एचआईवी पीड़ितों की मदद के लिए आर्मी स्कूल के छात्र-छात्राएं आगे आएं हैं। कैंसर व एचआईवी पीड़ितों की सहायता कर रही लखनऊ की सामाजिक संस्था ‘केयरिंग सोल’ की पहल पर आर्मी स्कूल के छात्रों ने ऐसे रोगियों की सहायता करने के लिए 38,650 रुपये एकत्र कर संस्था को भेजे हैं।
लखनऊ की यह संस्था वर्ष 1999 से कैंसर पीड़ितों और एचआईवी ग्रस्त लोगों की मदद कर रही है। सबसे अधिक धनराशि जमा करने वालों छात्रों में अनंत, जय अग्रवाल, कु. अनुश्री अग्रवाल रहे, जिन्होंने 1100-1100 रुपये की धनराशि एकत्र कर संस्था को दी। इस सामाजिक कार्य के लिए विद्यालय के 31 छात्रों को संस्था की तरफ से स्वर्ण पदक, 12 को रजत, 23 को कांस्य पदक व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सामाजिक कार्य के लिए अपना योगदान देने वाले दानवीरों और धन एकत्र करने वाले छात्र-छात्राओं की विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी और प्रधानाचार्य जेम्स एंथोनी ने सराहना की। इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधि एस. कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे।