कांग्रेस व युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने एआईसीसी सदस्य राजपाल बिष्ट के नेतृत्व में एनएचएम संविदा कर्मियों व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के समर्थन में सांकेतिक धरना दिया।
एआईसीसी सदस्य बिष्ट ने कहा कि महामारी की इस विकट घड़ी में सरकार का मन नहीं पसीज रहा है। वह जान जोखिम में डालकर बेहतर सेवाएं दे रहे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी व एनएचएम संविदा कर्मियों की सुध लेने को तैयार ही नहीं है। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य कर्मियों की सुध लेते हुए उनकी मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने धरना देने के साथ ही काला फीता बांधकर सरकार के तानाशाहीपूर्ण व्यवहार के खिलाफ विरोध जताया। धरना देने वालों में प्रदेश सचिव एनएसयूआई मोहित सिंह, विधानसभा सचिव युवा कांग्रेस पारस रावत, जिला सचिव युवा कांग्रेस मुकुल पंवार, जिला महासचिव युवा कांग्रेस संजना गुजराल, सरस्वती, निशा गोड़ियाल, अमन और सौरभ आदि शामिल रहे।