संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। ऑनलाइन ट्रेडिंग में पांच लाख रुपये का नुकसान होने पर युवती घर छोड़कर लापता हो गई। परिजनों ने युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस ने उसे हरिद्वार से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया। युवती ने पुलिस को बताया कि ट्रेडिंग में भारी नुकसान होने से वह मानसिक अवसाद में चली गई थी।
बीते 24 नवंबर की सुबह चौबट्टाखाल तहसील के एक राजस्व गांव निवासी 23 साल की युवती ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी नुकसान होने के चलते घर छोड़ दिया। परिजनों ने जब बेटी की खोजबीन की तो उसका कोई पता नहीं चला। पिता सुभाष चंद्र ने 25 नवंबर को पुलिस में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया कि बेटी डाक विभाग में सेवारत है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सर्वेश पंवार ने टीम गठित कर युवती की जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे हरिद्वार से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। टीम में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नेगी, एसआई जयपाल चौहान, एएसई संजय असवाल व अहसान, सिपाही गंभीर, अमरजीत, हरीश, दिगंबर सिंह व महिला सिपाही रेखा शामिल रहे।