उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने यूपी और उत्तराखंड सरकार के मध्य हुए परिसंपत्तियों के निपटारे को प्रदेश की जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए जनता की संपत्ति को औने पौने दामों पर उत्तर प्रदेश के हवाले कर दिया है।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने कहा कि उत्तराखंड सिंचाई विभाग की 10 अरब की संपत्ति उत्तर प्रदेश के पास है। उत्तराखंड सड़क परिवहन निगम को 205 करोड़ व वन विभाग को मात्र 90 करोड़ में निपटाया गया है। बनबसा और किच्छा बैराज उत्तराखंड की सीमा में होने पर भी उसका निर्माण उत्तर प्रदेश के हाथों में सौंप दिया गया है। अलकनंदा होटल किच्छा बस अड्डा दोनों उत्तराखंड में है लेकिन इन पर उत्तर प्रदेश का कब्जा है। उन्होंने कहा कि राज्यहित में परिसंपत्ति एवं उचित राशि देने के बाद ही न्यायालय में चल रहे विवाद वापस लिए जाने चाहिए।