आरडी के नाम पर एक व्यक्ति की ओर से चार लोगों से साढ़े पांच लाख से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित लोगों ने एसएसपी से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की। पीड़ित लोगों का कहना है कि कोतवाली में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिला मुख्यालय पौड़ी क्षेत्र के चार लोगों ने एसएसपी पी. रेणुका देवी को शिकायती पत्र सौंपा। स्थानीय निवासी विनोद काला ने बताया कि सीता पिक्चर पैलेस निवासी एक व्यक्ति ने उनकी प्रतिमाह 10 हजार की आरडी अपनी एक संस्था में खोली थी, जिसमें अप्रैल 2016 से अप्रैल 2019 तक 4 लाख 97 हजार की राशि जमा की गई। उन्होंने कहा कि आरडी पूरी होने पर व्यक्ति से धनराशि ब्याज सहित लौटाने को कहा तो वह चार-पांच माह तक टालता रहा। इसके बाद वह शहर से गायब हो गया। एक माह पूर्व वह फिर पौड़ी लौटा लेकिन आरडी की धनराशि लौटाने में असमर्थता जताई। शिकायत में संगीता बड़थ्वाल (40 हजार), सुनीता देवी (30 हजार) व देवेश्वरी देवी (10 हजार) ने भी आरडी के नाम पर ठगी का आरोप लगाया। आरोपी का मोबाइल भी स्विच ऑफ है। सीओ सदर वंदना वर्मा ने बताया कि ठगी की शिकायत पर जांच की जा रही है। पीड़ितों से पूरी मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।