आग बुझाते समय क्वीली के वन पंचायत सरपंच प्रमोद के बाल झुलसे
- फोटो : SHRINAGAR
टिहरी जिले में कांडीखाल के समीप क्वीली-सिलोड़ में आग बुझाते समय वन पंचायत सरपंच और फायर वाचर चोटिल हो गए। आग की लपटों से सरपंच के बाल जल गए और हाथ में भी झुलस गए। वहीं तीन दिन पूर्व खनाना में भी आग बुझाते हुए महिला चोटिल हो गई। वन विभाग के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है। आग से लगभग तीन हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
गत 11 अप्रैल की शाम को पौखाल क्षेत्र से आग कांडीखाल के समीप क्वीली-सिलोड़ तक पहुंच गई। 12 अप्रैल को वन पंचायत सरपंच क्वीली प्रमोद बिष्ट और फायर वाचर शूरवीर लाल कुछ ग्रामीणों के साथ आग बुझाने पहुंचे। आग बुझाते वक्त तेज हवा चलते आग की लपटें प्रमोद की ओर आ गई, जिससे उनके बाल जल गए और हाथ झुलस गए। बचने की कोशिश में वह चोटिल भी हो गए। फायर वाचर भी आग बुझाते वक्त संतुलन खो बैठे, जिससे उनको चोटें आई है। गत 9 अप्रैल को देवप्रयाग के समीप खनाना के जंगलों में आग बुझाते वक्त सजवाणकांडा गांव निवासी मंगला देवी चट्टान से पत्थर गिरने की वजह से चोटिल हो गई थी। वन क्षेत्राधिकारी मणिकनाथ देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि तीनों के हालात सामान्य है। समय पर आग बुझाने की कार्रवाई होने से आग रिजर्व फॉरेस्ट तक नहीं पहुंच पाई।