पौड़ी में श्रीनगर रोड़ पर लोअर चोपड़ा में कूड़ा डंपिंग जोन में इस तरह लगी आग।
- फोटो : PAURI
बुधवार को पालिका के डंपिंग जोन पर फैले कूड़े में आग लग गई, जिसकी दुर्गंध से आसपास के मोहल्ले में लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया। स्थानीय लोगों ने पालिका प्रशासन पर आग लगाने का आरोप लगाया। वहीं पालिका प्रशासन ने अग्निशमन दल व जल संस्थान के सहयोग से आग पर काबू पाया।
लोअर चोपड़ा के समीप एमआईसी गदेरे में पालिका प्रशासन कूड़ा डंप करता है। बुधवार दोपहर को अचानक कूड़े में आग लग गई और क्षेत्र में धुंध छा गई। स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, राकेश सिंह, मोहित कुमार और लक्ष्मी देवी ने कहा कि कूड़ा डंपिंग जोन में अक्सर पालिका प्रशासन आग लगा देता है। पहले से ही डंपिंग जोन में फैले कूड़े की दुर्गंध से परेशान हैं, ऐसे में आग लगने से लोगों का जीना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन, जिला प्रशासन, आयुक्त सहित अनेक अधिकारियों से मामले की शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वहीं पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने कहा कि कूड़े में असामाजिक तत्वों की ओर से आग लगाई गई है। कहा कि अग्निशमन दल व जल संस्थान के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया है।