कीर्तिनगर। विकास खंड के ग्राम पंचायत बैंजवाड़ी में बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे बारह कमरों के आवासीय भवन में शाॅर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई।
जिसके बाद प्रशासन और दमकल विभाग को घटना के बारे में सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे दमकल वाहन और ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया गया। गनीमत यह रही कि भवन के अंदर कोई नहीं था मगर घर में रखा सारा सामान जल गया।
प्रधान शीतल देवी ने बताया कि विरेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, उपेंद्र सिह, कलम सिंह, चंदन सिंह व राजेंद्र सिंह आदि का 12 कमरों का मकान जल गया। प्रधान ने मुख्यमंत्री से प्रभावितों के रहने, खाने की व्यवस्था और नुकसान तथा भवन की क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग की है।
वहीं एसडीएम मंजू राजपूत ने बताया कि प्रभावितों को जरूरत का सामान दिया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। संवाद