पौड़ी। नई दिल्ली के इंडस्ट्रीयल एरिया की एक दिलबाग पान मसाला निर्माता कंपनी पर तीन लाख का जुर्माना लग गया है। कंपनी का पान मसाला पैकेजिंग व लेवलिंग में मानक के अनुरूप नहीं मिला है। न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम पौड़ी की अदालत ने कंपनी पर यह जुर्माना लगाया है। साथ ही विक्रेता दुकानदार के पास दिलबाग पान मसाला का पक्का बिल नहीं होने पर 10 हजार का अर्थदंड लगाया है।
जनपद पौड़ी के खाद्य सुरक्षा विभाग ने श्रीनगर गढ़वाल में सितंबर 2013 को व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपलिंग कार्य किया। 16 सितंबर 2013 को बद्रीनाथ रोड पर स्थित हरीश पान भंडार से दिलबाग पान मसाला के 60 पाउच का एक सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर ने 3 जनवरी 2014 को जांच रिपोर्ट भेजी थी।
जांच में दिलबाग पान मसाला की पैकेजिंग व लेवलिंग को मिस ब्रांड बताया था। जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग ने पान मसाला विक्रेता दुकानदार व निर्माता कंपनी को पाउच की जांच किसी अन्य प्रयोगशाला से किए जाने का मौका दिया था। लेकिन दोनों ने कोई आवेदन नहीं किया था। इसके बाद विभाग ने न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम पौड़ी की अदालत में वाद दाखिल किया था।
जिला अभिहित अधिकारी पौड़ी एएस रावत ने बताया कि न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम पौड़ी ईला गिरी की अदालत ने खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और विनियम-2011 के मानक के तहत दिलबाग पान मसाला निर्माता कंपनी मैसर्स सोमपान प्रोडक्टस प्रालि. नारायण इंडस्ट्रीयल एरिया नई दिल्ली पर पैकेजिंग व लेवलिंग नहीं होने पर 3 लाख का जुर्माना लगाया है। साथ ही व्यापारी हरीश कपरवाण पर 10 हजार का अर्थदंड भी लगाया है। उन्होंने बताया कि निर्माता कंपनी व व्यवसायी को 15 दिन के भीतर जुर्माना राशि जमा करनी होगी। रावत ने कहा कि जुर्माना नहीं भरने पर भू-राजस्व की तरह वसूली की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।