जिले में पांच ब्लॉकों के चयनित गांवों में हिमाचल के कलासन नर्सरी फार्म मंडी के तकनीकी विशेषज्ञ किसानों को सेब की बागवानी के तकनीकी गुर सिखाएंगे। कार्यक्रम में आगामी 2 जनवरी से 6 जनवरी तक प्रत्येक प्रशिक्षण में 40 किसान शामिल होंगे। इसके लिए उद्यान विभाग ने तिथियों का निर्धारण कर संबंधित ब्लॉकों में स्थित केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
उद्यान विभाग मिशन एप्पल के तहत सेेब की बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने की कवायद में जुटा हुआ है। इसी के तहत विभाग ने जनपद के पांच ब्लॉकों में आगामी जनवरी माह के पहले हफ्ते में किसानों को सेब की आधुनिक बागवानी, तकनीकी जानकारी, कटाई-छटाई प्रबंधन, रोग एवं कीड़ों का प्रबंधन आदि का प्रशिक्षण देने की कार्य योजना तैयार की है। जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि मिशन एप्पल के तहत आगामी 2 जनवरी को खिर्सू ब्लाक के मरखोड़ा में चयनित किसानों को सेब की आधुनिक बागवानी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जबकि 3 जनवरी को पौड़ी के खांडयूसैंण, 4 जनवरी को कोट ब्लॉक के नाहसैंण, 5 जनवरी को पाबौ ब्लाक के कलूण और 6 जनवरी को थलीसैंण विकासखंड के कपरौली में चयनित किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 200 किसान प्रतिभाग करेंगे। संवाद