राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम पर लगाने का निर्णय लिया है। इसमें मोर्चे से जुड़े शिक्षक कर्मचारी शामिल होंगे।
मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सरकार से गुहार लगाई जा रही है। जिला स्तर पर शांतिपूर्ण आंदोलन चलाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया जा रहा है। जगह-जगह आयोजित समारोह में मोर्चे से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों ने एक स्वर में सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पत्राचार भी किया। इस बीच आश्वासन तो मिले लेकिन इससे आगे बात नहीं बनी। इससे कर्मचारी, शिक्षकों में रोष है। मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने बताया कि 12 जुलाई को एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रांतीय कार्यकारिणी के दिशा-निर्देशन में मोर्चे से जुड़े शिक्षक-कर्मचारी शामिल होंगे। इस मौके पर मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत, जिला सचिव भगवान सिंह नेगी, मनोज काला, दीपक गोढियाल, प्रेम चंद्र ध्यानी, सुभाष चमोली, कुलदीप, संग्राम सिंह नेगी, डीएस रावत आदि मौजूद रहे।