जिला महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग से हटाए गए कर्मचारियों ने विधायक पौड़ी से मुलाकात कर जल्द पुनर्नियुक्ति की मांग की है। निदेशालय स्तर पर अनुबंध खत्म होने के बाद सभी कार्मिकों को हटा भी दिया गया है। वहीं विधायक ने उच्च अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता करने का आश्वासन को दिया है।
रविवार को मुख्यालय पौड़ी में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग से हटाए गए कर्मचारियों ने विधायक पौड़ी मुकेश कोली से मुलाकात की। इस मौके पर कर्मचारियों ने कहा कि जिला महिला एवं बाल विकास विभाग पौड़ी में जिला समन्वयक, सहायक जिला समन्वयक के साथ ही 15 ब्लाकों में परियोजना सहायक व ब्लाक समन्वयक के रुप में 32 कर्मचारी कार्यरत थे। विभाग इन कर्मचारियों को 15 सितंबर के बाद अनुबंधित कंपनी से अनुबंध समाप्त होने के बाद हटा चुका है, लेकिन इन कार्मिकों के चार माह का मानदेय अभी तक नहीं दिया गया है। विधायक ने कर्मचारियों को मामले में शासन स्तर पर बातचीत के माध्यम से उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दीपक रावत, मोहन रावत, मोहन सिंह रावत, मुकेश, पूनम, भारती, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, धीरज, कंचन, सुषमा, मनीष, दीपक सरोही, विकास, हिमांशु आदि मौजूद थे।