मुख्य कोषागार पौड़ी में सेवारत एक लेखा लिपिक की ओर से पेंशनरों के खातों से 15 लाख से अधिक की धनराशि के गबन का मामला सामने आया है। उप-कोषाधिकारी पौड़ी की तहरीर पर पुलिस ने लेखा लिपिक के खिलाफ सरकारी धन के गबन और दस्तावेज गायब करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कोतवाल पौड़ी विनोद गुसाईं करेंगे।
मुख्य कोषागार पौड़ी में सेवारत लेखा लिपिक नितिन रावत के खिलाफ सरकारी धन के गबन और दस्तावेज गायब करने की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि लेखा लिपिक नितिन तीन से अधिक खातों में लंबे समय से पेंशनरों के खातों से धनराशि डाल रहा था। मुख्य कोषाधिकारी पौड़ी गिरीश चंद्रा ने बताया कि सूचना मिली कि पौड़ी मुख्य कोषागार में धनराशि पेंशनरों के खातों से गबन की जा रही है, जिसके बाद विभाग ने जांच में पाया कि तीन से अधिक खातों में अनाधिकृत रूप से धनराशि डाली गई है। उन्होंने बताया कि यह धनराशि लेखा लिपिक नितिन रावत और उप-कोषागार श्रीनगर के एक कार्मिक के अलावा अन्य खातों में जा रही थी। सीटीओ चंद्रा ने बताया कि नितिन रावत की ओर से 15 लाख 36 हजार 362 रुपये के सरकारी धन का गबन किया गया है। साथ ही शासकीय पत्रावलियां भी गायब की हैं। मामले में उप-कोषाधिकारी पौड़ी राजेश कुमार ने पुलिस को तहरीर सौंपी। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि मुख्य कोषागार के लेखा लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का खुलासा जल्द ही कर लिया जाएगा।
उप-कोषागार श्रीनगर में भी कार्मिकों ने किया गबन
पौड़ी। उप-कोषागार श्रीनगर में भी कुछ कार्मिकों ने सरकारी धन का गबन किया है। बताया जा रहा है कि उप-कोषागार श्रीनगर में 20 लाख से अधिक की धनराशि का गबन किया गया है। कोषागार के अधिकारियों ने पुलिस को मामले की शिकायत सौंपी है। हालांकि अभी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। कोतवाल श्रीनगर हरिओम राज चौहान ने बताया कि उप-कोषागार श्रीनगर में सरकारी धन के गबन की शिकायत मिली है। मामले में जल्द ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संवाद
तीन सदस्यीय जांच टीम हुई गठित
पौड़ी। डीएम ने मुख्य कोषागार पौड़ी व उप-कोषागार श्रीनगर में सरकारी धन के गबन की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर ली है। डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि कोषागार में कार्मिकों की संलिप्तता से हुए सरकारी धन के गबन मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी व एक प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। संवाद