विधायक ने साढ़े नौ करोड़ से बनने वाले 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के अकरी, बारजुला, डागर व कड़ाकोट पट्टी के 50 से अधिक गांवों की बिजली के स्थायी समाधान के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने सेमला में बनने वाले 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चार पट्टी के दर्जनों गांवों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब इन गांवों में लोगों को बिजली की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
बुधवार को दुग्ड्डा में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में कंडारी ने कहा कि करीब साढ़े नौ करोड़ की लागत से बनने वाले 33 केवी विद्युत सब स्टेशन का निर्माण होने से बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से अब लोगों की परेशानी दूर हो जाएगी। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जितनी भी बड़ी समस्याएं थी उनका समाधान तेजी से कराया जा रहा है। कहा 33 केवी सब स्टेशन से कई गांवों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर अधिशासी अभियंता सिविल संजीव कुमार, उप खंड अधिकारी संजीव मंदोलिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महिपाल बुटोला, चंद्रपाल सिंह चौहान, मुकेश चंद्र लखेड़ा, संजय देव डंगवाल, जयपाल राणा, हेमंती बिष्ट, श्रीकृष्ण लखेड़ा, लाखीराम लखेड़ा मौजूद थे। संचालन विनोद रावत ने किया।