जिला पूर्ति विभाग की ओर से राशन कार्ड ऑनलाइन किए जाने में हो रही असुविधा को देखते हुए आठ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीण अपने दस्तावेज लाकर कार्ड ऑनलाइन करवा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी कोहली ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा से कार्ड ऑनलाइन करने को लेकर शिकायतें मिली थीं। विभाग अब जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 8 शिविर आयोजित करने जा रहा है। इनमें ब्लाक मुख्यालय बीरोंखाल, एकेश्वर, दुगड्डा, नैनीडांडा, जयहरीखाल, थलीसैंण के साथ ही यमकेश्वर ब्लाक के नीलकंठ, उफरैंखाल शामिल हैं। कहा कि शिविर 14 जुलाई से 20 जुलाई तक होंगे। डीएसओ ने बताया कि कार्डधारक मतदाता पहचानपत्र, बैंक पासबुक, फोटो, मोबाइल नंबर, कार्ड में शामिल समस्त सदस्यों के आधार कार्ड, गैस कनेक्शन आदि दस्तावेज लाकर कार्ड आसानी से शिविर के माध्यम से ऑनलाइन करवा सकते हैं। शिविर के बेहतर संचालन के लिए नोडल अधिकारी के साथ ही डाटा ऑपरेटरों की नियुक्ति कर दी है।