जिला स्तरीय खेल महाकुंभ में बालिका वर्ग की खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रांसी खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-14 कबड्डी व अंडर-17 के खो-खो में दुगड्डा की टीम ने बाजी मारी।
बुधवार को रांसी खेल मैदान में अंडर 14 कबड्डी का फाइनल मुकाबला दुगड्डा व रिखणीखाल के बीच खेला गया, जिसमें दुगड्डा की टीम विजेता और रिखणीखाल की टीम उपविजेता बनी। अंडर-17 की खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल दुगड्डा और द्वारीखाल की टीमों में हुआ। यहां भी दुगड्डा की टीम विजेता और द्वारीखाल की टीम उपविजेता बनी। अंडर-17 कबड्डी के फाइनल में एकेश्वर व पोखड़ा की टीम और अंडर-21 कबड्डी में थलीसैंण व पाबौ की टीम फाइनल में पहुंची है। दोनों फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को होंगे। व्यायाम शिक्षक धीरेंद्र राणा, सुरेश सिंह, सुनील नेगी, केशर कोठियाल, अजेंद्र रावत, महेंद्र नेगी, मालनी, वर्षा, मनोज नेगी, विपल्व आदि ने आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।