पौड़ी। विद्यालयी शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सूचना व संचार प्रौद्योगिकी के नवाचारी प्रयोगों के लिए शिक्षाविद डॉ. अतुल बमराड़ा को राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड ने सम्मानित किया है। उन्हें विद्यालयी शिक्षा सचिव ज्योति यादव और अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण निदेशक वंदना गर्ब्याल ने सम्मान प्रदान किया।
डॉ. बमराड़ा ने राज्य के यूके ई-सृजन’ कार्यक्रम के तहत संचालित मूक 1.0 और 2.0 में विषय विशेषज्ञ और समीक्षक के रूप में साइबर सुरक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल के तहत राज्य के 99 प्रतिशत से अधिक सरकारी शिक्षकों ने सतत व्यावसायिक विकास प्रशिक्षण में भाग लेकर आधुनिक तकनीकी दक्षताएं हासिल कीं।
इसके अलावा, इस नवाचार को 27 से 29 नवंबर तक द एजुकेशन यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग में आयोजित होने वाले यूनेस्को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एलआईईटी में प्रस्तुत करने के लिए चुना गया है। संवाद