श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विवि के डीन नियुक्ति एवं पदोन्नति प्रो. मोहन सिंह पंवार ने डॉ. आंबेडकर को भारतीय संविधान का शिल्पकार बताया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. ममता आर्य ने कहा कि आंबेडकर ने हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति, शिक्षा, श्रम-अधिकार, मातृत्व अवकाश और कार्यस्थल पर समान अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। केंद्र समन्वयक प्रो. एमएम ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संदेश शिक्षित बनो, संगठित हो और संघर्ष करो आज भी समाज के हर वर्ग के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आंबेडकर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में डॉ. किरण नौटियाल, डॉ. राम साहू, डॉ. प्रकाश सिंह, डॉ. रोहित महर, एवं डॉ. अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन केंद्र के डॉ. आशीष बहुगुणा ने किया।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी गई। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डा. जेपी भट्ट ने डॉ. आंबेडकर के जीवन को प्रेरणादायी बताया। जिला प्रमुख राकेश भट्ट ने कहा कि बाबा साहेब महान समाज सुधारक, अर्थशास्त्री और दार्शनिक थे। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जसवंत राणा, विशाल सैनी, नगर मंत्री आयुष, भुवन, रोहित, पंकज, देवांश, आर्यन, डा. दिनेश, सुभांशु आदि मौजूद रहे।