डीएम ने कांडाखाल गांव में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए
डीएम ने कांडाखाल गांव में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सतपुली/कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड जयहरीखाल की कौड़ियां पट्टी क्षेत्रांतर्गत कांडाखाल गांव में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
सोमवार को सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में डीएम ने ग्राम पंचायत कांडा मल्ला की सड़क समस्या पर लोनिवि लैंसडौन व राजस्व अधिकारियों को सतपुली–कांडाखाल–सिसल्डी ग्राम पंचायत मोटर मार्ग का संयुक्त रूप से सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कांडा तल्ला की भूमा देवी ने अपने जीर्ण-शीर्ण आवासीय भवन की समस्या बताई। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रस्तावित सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों को मनरेगा में प्रस्तावित करने को कहा। डीएम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र कांडाखाल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपात स्थिति के लिए जरूरी तैयारी रखने को कहा। इस दौरान डीएम ने शिशु-मातृ मृत्यु दर को कम करने, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने, एएनएम को गर्भवती महिलाओं से संवाद बनाए रखने, गर्भवतीकी सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन का मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायतराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी जयहरीखाल रवि सैनी, ग्राम प्रधान संजू देवी, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।