कीर्तिनगर मे एसडीएम को ज्ञापन सौपंते युवा जनसघंर्ष मंच के कार्यकर्ता
- फोटो : SHRINAGAR
टिहरी जिले में स्थित लक्ष्मोली-हड़िमधार पंपिंग पेयजल योजना से गंदे पानी की आपूर्ति होने पर स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। उन्होंने इस संबंध मेें उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन सौंप समस्या के समाधान की मांग की।
लक्ष्मोली-हड़िमधार पेयजल योजना से कीर्तिनगर के हिंसरियाखाल-पाटाखाल क्षेत्र के 75 से अधिक गांवों में जलापूर्ति होती है। जब से अलकनंदा नदी का जल स्तर बढ़ा है, तब से उपभोक्ता गंदा पानी पी रहे हैं। बुधवार को युवा जन संघर्ष मंच हिंसरियाखाल-पाटाखाल के प्रतिनिधिमंडल ने इस मसले पर एसडीएम से वार्ता की। मंच के अध्यक्ष अजय सेमवाल, सचिव राहुल बंगवाल और संयोजक डा. एसके उनियाल ने बताया कि जल संस्थान फिल्टर किए बिना सीधे नदी का पानी पिला रहा है। वहीं एसडीएम अजयवीर सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि जब तक फिल्टर की व्यवस्था नहीं होती, तब तक जल संस्थान को इसका विकल्प उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान सौड़ू वीरेंद्र बंगवाल, प्रधान भंडाली प्रतीक्षा लिंगवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य डडुआ अरुणा देवी, मधुसूदन बंगवाल व संजय उनियाल आदि शामिल थे।