श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली के जर्जर पोल और झूलती तारें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्राम प्रधान अमोली सुनील सेमवाल, दिनेश भंडारी, प्रकाश चंद, शिव सिंह, दीवान सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि अमोली के साथ धोलंगी, तोणखंड, रिसकोटी सहित आधा दर्जन गांवों में बिजली की लाइन मौत बनकर गुजर रही है। अमोली में बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे की दीवार टूट चुकी है। इसी तरह धोलंगी, तोणखंड व सिरकोटी आदि गांव में करीब एक दर्जन खंबे नीचे से सड़कर खोखले हो चुके हैं। कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइन घर और खेतों के ऊपर से झूलती हुई गुजर रही है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जिन्हें सुधारने के लिए ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के साथ उन सभी जगहों पर गुहार लगाई है, जहां से उनकी समस्या का समाधान हो सकता है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। संवाद
कोड-
मामला मेरे संज्ञान में है। लाइन के सर्वे का कार्य कर लिया गया है। बिजली के पोल को बदलने के लिए इस्टीमेंट तैयार किया गया है। जल्द ही बिजली के खंबे बदलने के साथ तारों को कसने का काम शुरू होगा।
वाईएस तोमर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड श्रीनगर
जारी, मुकेश भट्ट