विधायक विनोद कंडारी की पहल पर छात्र करेंगे भारत दर्शन, रूपरेखा जारी
ऋषिकेश में गंगा आरती दर्शन से होगा भ्रमण का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल पर मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित होने वाले 'भारत दर्शन शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम-2026' की रूपरेखा जारी कर दी गई है। विधायक द्वारा पिछले 9 वर्षों से निजी खर्च पर चलाए जा रहे इस कार्यक्रम के तहत 15 से 20 सितंबर तक हाईस्कूल के टॉपर छात्र उत्तर प्रदेश और दिल्ली के प्रमुख स्थलों का शैक्षिक भ्रमण करेंगे।
श्रीनगर जीएमवीएन में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना है। यात्रा की शुरुआत ऋषिकेश से होगी जहां विद्यार्थियों को गंगा आरती के दर्शन कराए जाएंगे। ऋषिकेश में गंगा आरती के बाद छात्र उत्तराखंड विधानसभा का भ्रमण करेंगे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलेंगे। इसके बाद दल उत्तर प्रदेश जाएगा जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट, यूपी विधानसभा व तारामंडल का अवलोकन और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन शामिल हैं। दल की वापसी 20 सितंबर को नई दिल्ली से होगी। विधायक ने इसे व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय चेतना का सार्थक प्रयास बताया। इस अवसर पर कुलदीप, वासुदेव भट्ट, नरेंद्र कुंवर, अमरजीत सिंह, देवेंद्र बुटोला, आकाश रावत, दीपक राणा और नरेश नेगी आदि मौजूद रहे।