श्रीनगर। खिर्सू विकासखंड के देवलगढ़ में कॉरिडोर निर्माण का कार्य गत दो माह से बंद पड़ा हुआ है। यहां राज राजेश्वरी मंदिर से गोरा देवी मंदिर व मुख्य सड़क तक काॅरिडोर का निर्माण कार्य आधा-अधूरा छोड़ा गया है। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर टिन लगाने के लिए एंगल खड़े किए गए हैं, जबकि निर्माण सामग्री मार्ग किनारे धूल फांक रही है। देवलगढ़ क्षेत्र सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास समिति ने निर्माण कार्य बंद पड़े होने पर रोष जताते हुए जिलाधिकारी से अति शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की है। साथ ही कार्यदायी संस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। समिति के अध्यक्ष कुंजिका प्रसाद उनियाल ने बताया कि लगभग दो माह से यहां कॉरिडोर का निर्माण कार्य ठप्प पड़ा हुआ है।
कहा कि कॉरिडोर निर्माण के अंतर्गत पवनखाल बाजार, देवलगढ़ सड़क से राजराजेश्वरी सिद्पीठ परिसर के पास तक टिन की छत डाली गई व रेलिंग भी लगाई गई, जबकि इस कॉरिडोर को राजराजेश्वरी से गौरा देवी मंदिर होते हुए मुख्य सड़क तक बनाया जाना है। निर्माण के तहत पूरे मार्ग में सीसी के साथ इंटर लाकिंग टाइल्स भी लगाई जानी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कहा कि इसके अलावा ओडला और चमधार में प्रवेश द्वारों का निर्माण भी प्रस्तावित है, लेकिन कार्य लगभग दो महीने से बंद पड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी से मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करवाने को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है।