पौड़ी। वार्ड संख्या नौ के मोहल्लावासियों ने पालिका प्रशासन से तिमली विद्या मंदिर को जाने वाले पैदल मार्ग के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई है। स्थानीय निवासी ऋषि बहुगुणा ने बताया कि करीब 300 मीटर लंबे इस मार्ग पर पिछले 20 वर्षों से मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। मार्ग की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस रास्ते से मोहल्ले के लोगों के साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी आवाजाही करते हैं। मोहल्लावासियों ने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। संवाद
-
पत्रकारिता की चुनौतियों और भूमिका पर हुआ मंथन
पौड़ी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पर्वतीय पत्रकार महासंघ की ओर से शनिवार को नगर पालिका सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पत्रकारिता के महत्व, वर्तमान चुनौतियों और समाज में उसकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार विमल नेगी और अति विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुनील तोमर ने किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों और अतिथियों को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। महासंघ के जिलाध्यक्ष पंकज रावत ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज व शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। वहीं सचिव अंकित उनियाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा, त्रिभुवन उनियाल, जगमोहन डांगी, जगतकिशोर बड़थ्वाल, रतनमणी भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद
-
पौड़ी में दोपहर बाद झमाझम बारिश
पौड़ी। जिला मुख्यालय में शनिवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई जिससे एक ओर जहां लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिली वहीं आग से जलते जंगलों के लिए भी बारिश वरदान साबित हुई।
पौड़ी में सुबह से ही आसमान साफ और धूप खिली रही लेकिन दोपहर होते होते बादल घिर आए और बारिश के साथ ओले गिरने शुरू हो गए। बारिश से वन विभाग ने भी राहत की सांस ली। बीते दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जंगलों में आग की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में बारिश से जंगलों में नमी बढ़ गई है साथ ही आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। संवाद