कीर्तिनगर। डागर पट्टी के गवाणा स्थित प्राथमिक विद्यालय के क्षतिग्रस्त पुश्ते से आवासीय भवन को खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी जसपाल सिंह नेगी ने पुश्ता निर्माण कराने की मांग उठाई और इस संबंध में बीईओ को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि पुश्ता पिछले तीन वर्षों से टूटा हुआ है जिसका निर्माण अब तक नहीं हो पाया है। इससे स्कूल के नीचे बने आवासीय भवन को खतरा बना हुआ है। कहा कि विद्यालय के पास से गुजरने वाला आम रास्ता भी क्षतिग्रस्त है और बारिश के दौरान पानी सीधे नीचे स्थित मकान की ओर आ रहा है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कीर्तिनगर डॉ. वाईएस नेगी ने बताया कि पुश्ता निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद
पराग में सूखा आम का पेड़ बना खतरा
श्रीनगर। नगर क्षेत्र के पराग में पौड़ी-श्रीनगर मार्ग के किनारे आम का एक सूखा पेड़ राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से शीघ्र पेड़ को कटवाने की मांग की। स्थानीय गजेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि जिस स्थान पर यह पेड़ है वहां आसपास कई दुकानें हैं और दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। साथ ही यह स्थान पराग/आंचल डेयरी के मुख्य गेट के समीप होने के साथ ही मोहल्ले को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग भी है। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्षों से पेड़ सूखा खड़ा है। आंधी-तूफान के कारण इसके गिरने की आशंका बनी है। संवाद