छोटे वाहनों के भरोसे है लोगों की आवाजाही निर्भर
श्रीनगर। श्रीनगर से हिंसरियाखाल-जामणीखाल के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने से लोगों को बेहतर यातायात की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जबकि मार्ग से करीब 50 से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। पूर्व में श्रीनगर से रणसोलीधार तक बस सेवा की सुविधा थी, लेकिन इसके बंद होने के बाद फिर शुरू नहीं की गई।
श्रीनगर से हिंसरियाखाल होते हुए रणसोलीधार-जामणीखाल के लिए बस सेवा नहीं होने से लोगों को आवाजाही के लिए छोटे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। छोटे वाहनों का किराया अधिक होने से लोगों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। पूर्व में मार्ग पर बस सेवा संचालित होने से डडुवा, भंडाली, सौडू, नौली, बरसोली, उमरी, हिंसरियाखाल, त्यालनी, त्यूणा, अरोटा, रणसोलीधार, पुजारगांव, भदरासू आदि गांवों के लोगों को सुविधा मिलती थी।
युवा जन संघर्ष मंच के अध्यक्ष अजय सेमवाल का कहना है कि श्रीनगर से लक्षमोली- हिंसरियाखाल-रणसोलीधार मोटर मार्ग पर एक बस सेवा के संचालन की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद श्रीनगर से उक्त मोटर मार्ग के लिए छोटे वाहन भी मिलने मुश्किल हो जाते हैं। टीजीएमओयू श्रीनगर के प्रभारी नरेंद्र कंडियाल ने बताया कि पूर्व में संचालित बस सेवा कुछ कारणों से बंद हो गई थी। उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन के बाद इस संदर्भ में विचार किया जाएगा।