एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की तरफ से आयोजित कार्यशाला में पुलिस कर्मियों को ही उस वक्त असहज होना पड़ा जब छात्राओं ने कहा कि कई बार वर्दीधारी (पुलिस कर्मी) ही लड़कियों पर कमेंट करते हैं।
ऐसे में वह किससे शिकायत करें। मंगलवार को कोटद्वार की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की तरफ जीजीआईसी दुगड्डा में ‘मानव तस्करी और घरेलू हिंसा’ के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि यदि उनके साथ कहीं कोई अभद्रता होती है तो वह इसकी तुरंत पुलिस को शिकायत करें। जिसपर कुछ छात्राओं ने कहा कि कई बार वर्दी वाले भी उनपर कमेंट करते हैं।
छात्राओें ने ऐसे कुछ मामले भी बताए। चौकी प्रभारी मोहम्मद यूनुस ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच की जाएगी।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं की तस्करी रोकने के लिए महिलाओं को खुद जागरूक होना पड़ेगा। इस अवसर पर यूनिट के समन्वयक अमित सेमुअल, विद्यालय की प्रधानाचार्य डा मनोरमा ढौंडियाल सहित अन्य शिक्षिकाएं मौजूद थी।