जम्मू। कोविड 19 महामारी से लड़ने का मूल मंत्र चिंता नहीं बल्कि जागरूकता है। अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी इस दिशा में महत्वपूर्ण है। ये बातें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने वीरवार को भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग, विदेश मामले मंत्रालय एवं राष्ट्रीय सुशासन केंद्र, प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयाजित वेबिनार में कहीं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन भी किया।
सिंह ने दोहराया कि कोविड 19 महामारी के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए देशों के लिए आगे का रोडमैप अर्थव्यवस्था को फिर से आरंभ करने एवं सहकारी संघवाद को सुदृढ़ बनाने में निहित है। कार्यशाला में 16 देशों के 81 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें श्रीलंका सेना के चीफ आफ स्टाफ मेजर जनरल जे एस गुणवर्धने, बांग्लादेश की सरकार के 19 वरिष्ठ सचिव, म्यांमार के 11 जिला प्रशासक, भूटान, केन्या, मोरक्को, नेपाल, ओमान, सोमालिया, थाईलैंड आदि के अधिकारी भी शामिल थे।