पौड़ी- देवप्रयाग राज्य राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन किया, प्रशासन के आश्वासन के बाद मानें उपभोक्ता
पौड़ी। एलपीजी गैस सिलिंडरों को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। हालांकि पूर्ति विभाग दावा कर रहा है कि एलपीजी गैस सिलिंडरों की कोई किल्लत नहीं है।
मंगलवार को पौड़ी न्यू बस अड्डे पर सुबह से लाइन पर घंटों खड़े उपभोक्ताओं का इंतजार आक्रोश में बदल गया। उन्होंने न्यू बस अड्डे से गुजरने वाले राज्य राजमार्ग पौड़ी- देवप्रयाग पर जाम लगाकर धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले को बढ़ता देख जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उपभोक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। आश्वासन दिया कि 24 अप्रैल से पहले सभी को सिलिंडर मुहैया कराए जाएंगे, इसके बाद उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन रोका।
दरअसल बीते सोमवार को निर्धारित रोस्टर के अनुसार न्यू बस अड्डे और सर्किट हाउस मोहल्ले में एलपीली सिलिंडरों का वितरण होना था जिसके लिए उपभोक्ता अपने तय प्वाइंटर पर सुबह से ही लाइन में लगे रहे। घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर का वाहन नहीं आया तो उपभोक्ताओं ने फिर दूसरे दिन मंगलवार को लाइन लगाकर सिलिंडर पहुंचने का इंतजार किया।
करीब 12 बजे तक उपभोक्ता सिलिंडर पहुंचने की राह ताकते रहे। उपभोक्ता मोहित सिंह, सज्जन सिंह, हरीश ने बताया कि सुबह 6 बजे से लाइन लगाकर सिलिंडर का इंतजार कर रहे हैं। सिलिंडरों के लिए लोगों की दिनचर्या ही प्रभावित हो रही है। इस मौके पर आशीष नेगी, उषा देवी, संग्राम सिंह, शुभम बिष्ट, मुकेश, कंचन, सुनीता, सुरेंद्र, दिनेश, विपिन आदि मौजूद रहे।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि पौड़ी में हर दिन 2700 सिलिंडर बंट रहे हैं। दावा किया कि पौड़ी में सिलिंडरों की कोई किल्लत नहीं है। उपभोक्ताओं को लाइनों से मुक्ति दिलाने के लिए होम डिलीवरी सिस्टम शुरू किया जा रहा है।