पाबौ। विकासखंड मुख्यालय में पाबौ कांग्रेसियों ने दूसरे दिन मंगलवार को भी कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की शवयात्रा निकाली। इस दौरान कांग्रेसियों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला दहन कर पद से हटाने की मांग उठाई।
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस के ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी पाबौ बाजार में जमा हुए। जहां उन्होंने मुख्य बाजार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की शव यात्रा निकाली। आक्रोशित कांग्रेसियों ने सीएचसी पाबौ में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सुधीर रावत व मनोज रावत ने कहा कि वित्त मंत्री अग्रवाल ने सदन के अंदर अभद्र भाषा का प्रयोग कर प्रदेशवासियों का अपमान किया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री अग्रवाल से इस्तीफा देने की मांग उठाई है। साथ ही मुख्यमंत्री से भी इस मामले में ठोस कार्यवाही करने की भी मांग उठाई। इस मौके पर अर्पित कोहली, दीपक रावत, सुरेंद्र सिंह, दिनेश चंद्र और विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।