श्रीनगर। कीर्तिनगर उप जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में एलयूसीसी धोखाधड़ी मामले में निवेशकों की रकम वापस दिलाए जाने की मांग के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि एलयूसीसी कंपनी निवेशकों की रकम लेकर फरार चल रही है। कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ित निवेशकों के साथ हैं। कहा कि एलयूसीसी कंपनी को भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय लेनदेन का लाइसेंस दिया था। सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत मीडिया के सामने कह चुके हैं कि उन्हें 2022 में इसके फर्जीवाड़े की सूचना मिली थी और उन्होंने केंद्र सरकार के गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने बड़े फर्जीवाड़े पर सहकारिता मंत्री ने सिर्फ पत्र लिखकर पल्ला क्यों झाड़ लिया। कहा उत्तराखंड से लगभग 25 लाख निवेशकों ने एलयूसीसी में पैसा लगाया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्यामलाल आर्य, मोहनानंद डोभाल, प्रदेश सचिव रामलाल नौटियाल ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार को निवेशकों का पैसा शीघ्र वापस दिलाना होगा। इस मौके पर राजेंद्र सिंह चंद, मीनाक्षी पोखरियाल, मंगतराम मठियाल, सरस्वती देवी, अंजना कुंवर, वीरेंद्र राणा, अंकित सिंह, राजेंद्र सिंह बुटोला, उदय सिंह रावत, सुभाष लिंगवाल, विकास आर्य, भीम सिंह नेगी, विनोद रौथाण, दीपक थपलियाल आदि मौजूद रहे।