पौड़ी। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से 18 जनवरी (आज) से ईवीएम के कंट्रोल यूनिट का चार दिवसीय प्रथम स्तरीय जांच कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग को 400 नई ईवीएम की कंट्रोल यूनिट मिल चुकी हैं। इनकी प्रथम स्तरीय जांच ईसीएल कंपनी के चार इंजीनियरों की टीम करेगी।
विज्ञापन
जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. आशीष चौहान ने बताया कि जांच कार्य ईवीएम वेयर हाउस में होगा। समस्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को जांच के दौरान मौजूद रहने की सूचना भेज दी है। जांच कार्य की वीडियोग्राफी भी होगी। इस कार्य की सीधी निगरानी केंद्र निर्वाचन आयोग कर रहा है। इसके लिए ईवीएम वेयर हाउस में 7 वेब कैमरे लगाए गए हैं और 12 कार्मिकों की तैनाती कर ली गई है। विधानसभा क्षेत्र लैंसडौन में 4 और यमकेश्वर में 2 सेक्टर बढ़ा दिए गए हैं। अब जिले में सेक्टर अफसरों की संख्या 120 से बढ़कर 126 हो गई है। जिले में 2600 से अधिक शस्त्र हैं, जिन्हें जमा किए जाने की प्रक्रिया गतिमान है। संवाद