एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में दीपावली के अवकाश के बाद स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम की ऑफलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी। पीजी कक्षाओं के संचालन की समीक्षा के बाद स्नातक स्तर पर भी ऑफलाइन पठन-पाठन का निर्णय लिया जाएगा।
सोमवार को गढ़वाल विवि की विद्या परिषद (एसी) की ऑनलाइन बैठक कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक मेें 23 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि वर्तमान में पीएचडी शोध छात्रों की कक्षाओं के साथ ही स्नातकोत्तर प्रयोगात्मक कक्षाओं के लिए परिसरों को खोला गया है। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए अन्य पाठ्यक्रमों के लिए परिसर खोला जा सकता है। तय किया गया कि दीपावली के अवकाश के बाद पीजी पाठ्यक्रमों की ऑफलाइन मोड में पढ़ाई के लिए परिसर को खोल दिया जाएगा। शेष कक्षाओं के संचालन के लिए बाद में समीक्षा की जाएगी। पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजन से पूर्व रिक्त सीटों का विवरण विवि को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि रिक्त सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा सके। बैठक में 37 पीएचडी डिग्री अवार्ड की गई। बैठक में बताया गया कि विवि का दीक्षांत समारोह पूर्व की भांति एक दिसंबर को होगा। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को निमंत्रण पत्र भेजा गया है। इस मौके पर कुलसचिव डॉ. अजय खंडूड़ी, डीएसडब्लू प्रो. पीएस राणा, चीफ प्रोक्टर प्रो. अरुण बहुगुणा समेत संबंधित अधिकारी और विभागाध्यक्ष मौजूद थे।